सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद में ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए आज बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ का भव्य शुभारंभ किया गया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए आज बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आगाज़ कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, डुमरियागंज विधायक श्रीमती सैय्यदा खातून, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने आए हुए अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया, जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
शिक्षा से वंचित न रहे कोई बच्चा: विधायक श्यामधनी राही
कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्य धारा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया स्कूलों तक पहुंच सुगम बनाने के लिए उनके विधानसभा क्षेत्र में 126 सड़कों की स्वीकृति मिली है, जिनका निर्माण जल्द पूर्ण होगा।
प्रदेश सरकार ने विद्यालयों को स्मार्ट क्लास, फर्नीचर, शुद्ध पेयजल और आधुनिक शौचालयों से लैस किया है। बच्चों को बैग, जूता-मोजा, किताबें और पौष्टिक मिड-डे मील उपलब्ध कराया जा रहा है।
विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अपील की कि यह अभियान तभी सफल होगा जब शिक्षक समय से स्कूल पहुंचें और शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें। वहीं, डुमरियागंज विधायक श्रीमती सैय्यदा खातून ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए अभिभावकों को जागरूक करने पर बल दिया। सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल ने भी शिक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्राथमिक विद्यालय कृष्णानगर और सनई लंगड़ी के नव-प्रवेशी बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग, पेन और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के चेहरों पर स्कूल आने की खुशी साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि आकांक्षी जनपद की श्रेणी से निकलकर सिद्धार्थनगर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी जनपदों में शामिल हो।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 1 अप्रैल का दिन क्यों है खास
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 1, 2026























