औरैया: मातम में बदली खुशियाँ, कार्ड बांटने निकले भतीजे की सड़क हादसे में मौत; चाचा गंभीर

औरैया

औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों रिश्तेदार के यहाँ त्रियोदशी संस्कार का कार्ड देकर लौट रहे थे।

यमुना पुल के पास हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के भिंड निवासी दीपचंद्र (27) अपने भतीजे अजीत उर्फ सोनू (22) के साथ बाइक से भीखेपुर-जुहीखा मार्ग होकर सेंगनपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जुहीखा यमुना पुल के पास पहुँची, एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

कार्ड बांटकर लौट रहे थे घर

परिजनों ने बताया कि दीपचंद्र के बाबा का हाल ही में निधन हो गया था। वे दोनों उनके त्रियोदशी संस्कार का निमंत्रण देने जालौन गए थे। गोहन थाना क्षेत्र के बिजदुवां में रिश्तेदारों को कार्ड देकर वे वापस अपने बहनोई के घर सराय टड़वा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

राहगीरों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी अयाना पहुँचाया, जहाँ से उन्हें चिचौली मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान अजीत उर्फ सोनू ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस की कार्रवाई

थानाध्यक्ष जय प्रकाश पाल ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 


Voice Of News 24