कौशाम्बी: भक्ति गीत बजाने पर दबंगों का तांडव, घर में घुसकर माँ-बेटे को बेरहमी से पीटा

कौशाम्बी

कौशाम्बी जनपद के थाना सराय अकिल अंतर्गत भगवानपुर चौकी क्षेत्र के इमली गाँव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

कौशाम्बी जनपद के थाना सराय अकिल अंतर्गत भगवानपुर चौकी क्षेत्र के इमली गाँव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सुबह के समय घर में भक्ति गीत बजाने जैसी सामान्य सी बात पर पड़ोस के दबंगों ने एक युवक और उसकी वृद्ध माँ पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।

भजन बंद कराने को लेकर हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमली गाँव निवासी अंगद पाडे सोमवार सुबह अपने घर के भीतर धीमी आवाज में भक्ति गीत बजाकर सफाई कर रहे थे। इसी बीच पड़ोस के दबंग ननकू मिश्रा अपने चार पुत्रों—ब्रजेश, रुपेश, सर्वेश और नितेश के साथ अंगद के घर में घुस आए और बाजा बंद करने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अंगद ने शालीनता से भजन पूरा होने तक का समय माँगा, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया और उन्हें जमीन पर पटक कर बेरहमी से पीटा।

वृद्ध माँ के साथ अभद्रता और लूट का आरोप

अंगद अपनी माँ के साथ गाँव में अकेले रहते हैं (पिता और भाई महाराष्ट्र में कार्यरत हैं)। शोर सुनकर जब उनकी वृद्ध माँ बेटे को बचाने दौड़ीं, तो दबंगों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि दबंगों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए, भद्दी गालियाँ दीं और माँ-बेटे का मोबाइल भी तोड़ दिया।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

पीड़ित पक्ष का गंभीर आरोप है कि घटना के बाद जब वे भगवानपुर चौकी पहुँचे, तो उन्हें तीन घंटे तक बिठाए रखा गया और कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में उन्हें सराय अकिल थाने भेजा गया। पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने थाने के भीतर भी उन्हें गाँव छोड़कर भागने और संपत्ति कब्जाने की धमकी दी।

न्याय की गुहार

वर्तमान में पीड़ित परिवार अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर डरा हुआ है और जिले के उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा है। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन दबंगों की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में रोष है।

 

Voice Of News 24