बलरामपुर: अनियंत्रित ई-रिक्शा ने महिला को मारी टक्कर, दाहिना हाथ टूटा; ललिया-शिवपुरा मार्ग पर हादसा

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद के हरैया सतघरवा विकास खंड के ललिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने सड़क किनारे खड़ी वृद्ध महिला को जोरदार टक्कर मार दी। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बलरामपुर जनपद के हरैया सतघरवा विकास खंड के ललिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने सड़क किनारे खड़ी वृद्ध महिला को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उनका दाहिना हाथ टूट गया। घटना के बाद चालक ई-रिक्शा लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

बाजार में सामान खरीदने आई थीं सुशीला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लखनीपुर निवासी सुशीला (55 वर्ष) पत्नी उमापति तिवारी सोमवार शाम करीब 5:00 बजे घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए नई बस्ती बाजार आई थीं। वह सड़क के किनारे खड़ी होकर घर जाने का इंतजार कर रही थीं, तभी ललिया-शिवपुरा मार्ग पर एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

ग्रामीणों ने पहुँचाया अस्पताल

हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तत्काल घायल महिला की सहायता की और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचित किया। मौके पर पहुँची एम्बुलेंस ने प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शिवपुरा में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है।

पुलिस कर रही चालक की तलाश

स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी और तेज रफ्तार पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। इस मामले में ललिया थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना का संज्ञान लिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होते ही फरार ई-रिक्शा चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News 24