बुलंदशहर: ईको कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत, बदायूं का युवक गंभीर रूप से घायल

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के मेरठ-बदायूं मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के मेरठ-बदायूं मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मुमरेजपुर पीर बाबा के पास एक तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

अहमदगढ़ से डिबाई की ओर जा रहा था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदायूं जनपद के बिल्सी थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वा खेड़ा निवासी राजा बाबू (पुत्र मनोहर लाल) अपनी मोटरसाइकिल से मेरठ-बदायूं मार्ग पर अहमदगढ़ से डिबाई की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह मुमरेजपुर पीर बाबा के समीप पहुँचा, विपरीत दिशा (डिबाई) से आ रही एक ईको कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

हायर सेंटर रेफर, हालत नाजुक

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राजा बाबू सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गया। राहगीरों की सूचना पर अहमदगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) डिबाई पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

पुलिस जांच में जुटी

अहमदगढ़ पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कार चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की जानकारी घायल के परिजनों को दे दी गई है।

 

Voice Of News 24