बुलंदशहर: जौली गांव में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात, होलिका जलाकर लौट रहे युवक की गोलियों से भूनकर हत्या

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के रंगों के त्यौहार के बीच एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के गांव जौली में बुधवार सुबह बाइक सवार बेखौफ हमलावरों ने एक युवक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के रंगों के त्यौहार के बीच एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के गांव जौली में बुधवार सुबह बाइक सवार बेखौफ हमलावरों ने एक युवक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब युवक होलिका दहन के बाद घर लौट रहा था। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और त्यौहार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका, सिर और पेट में लगी गोलियां

मृतक की पहचान सिकंदराबाद निवासी 40 वर्षीय अनिल भाटी पुत्र तेजवीर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अनिल बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे होलिका जलाकर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह जौली गांव के पास पहुंचा, घात लगाकर बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर गोलियों की बौछार कर दी। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें अनिल को तीन गोलियां लगीं—दो उसके पेट में और एक सीधे सिर में जा धंसी। गोली लगते ही अनिल लहूलुहान होकर सड़क किनारे गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात

राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस के आला अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना किया और साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। त्यौहार के दिन हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

हमलावरों की तलाश में जुटीं पुलिस की कई टीमें

पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य कारणों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 

Voice Of News 24