सिद्धार्थनगर: जनसेवा केंद्र पर बवाल, तहसीलदार-संचालक में मारपीट,अज्ञात लोगों और संचालक पर मुकदमा दर्ज

शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)

सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम नकाही में गुरुवार को फार्मर रजिस्ट्री कार्य के दौरान भारी हंगामा और हिंसा हुई।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम नकाही में गुरुवार को फार्मर रजिस्ट्री कार्य के दौरान भारी हंगामा और हिंसा हुई। एक सहज जनसेवा केंद्र पर निरीक्षण के दौरान तहसीलदार और केंद्र संचालक के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसीलदार और राजस्व टीम पर हमला कर दिया, जिसमें तहसीलदार को चोटें आई हैं।

विवाद की शुरुआत: थप्पड़ मारने का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव राजस्व टीम के साथ नकाही गांव स्थित सहज जनसेवा केंद्र पर फार्मर रजिस्ट्री के काम की प्रगति देखने पहुंचे थे। इसी दौरान लेखपाल के पति ऋषभ सिंह और केंद्र संचालक जीतू चौधरी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान तहसीलदार ने केंद्र संचालक जीतू चौधरी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण उग्र हो गए।

जानकारी के अनुसार बताते चले की घटना के बाद केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी फुटेज रिकॉर्ड हो गई थी। बताया जा रहा है कि जब कैमरा और डीवीआर हटाने का प्रयास किया गया, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने राजस्व टीम को घेर लिया और तहसीलदार सहित अन्य कर्मियों के साथ मारपीट की। इस दौरान सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कागजात फाड़ने का भी आरोप लगा है।

भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम विवेकानंद मिश्रा और थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को तितर-बितर कर तहसीलदार और उनकी टीम को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने पहुंचाया।

अज्ञात लोगों और संचालक पर मुकदमा दर्ज

घटना के बाद तहसीलदार के अर्दली राम प्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्र संचालक जीतू चौधरी और कई अज्ञात ग्रामीण मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और कागजात फाड़ने के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
नवीन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष जानकारी दी की “तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।”

Voice Of News 24