सिद्धार्थनगर: सांसद जगदंबिका पाल के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब, मंत्री ए.के. शर्मा ने की विकास कार्यों की बौछार, 4000 गरीब परिवारों को बांटे गए कंबल

सिद्धार्थनगर

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने आज सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जगदंबिका पाल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘अभिनंदन समारोह’ में शिरकत की।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने आज सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जगदंबिका पाल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘अभिनंदन समारोह’ में शिरकत की। तुलसियापुर में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल सांसद का जन्मदिन मनाया गया, बल्कि जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए 4000 गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए गए।

“दिल्ली से लखनऊ तक गूंजती है जगदंबिका पाल की आवाज”

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ए. के. शर्मा ने सांसद जगदंबिका पाल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “जगदंबिका पाल जी जनता के प्रति
पूर्णत समर्पित एक ऐसे कद्दावर नेता हैं, जिनकी बात दिल्ली से लेकर लखनऊ तक पूरी गंभीरता के साथ सुनी जाती है। नए साल और जन्मदिन के अवसर पर विदेशों में छुट्टियां मनाने के बजाय जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करना ही एक सच्चे जनसेवक की पहचान है।”

सिद्धार्थनगर को मिली 2000 करोड़ की सौगात

विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए मंत्री ए. के. शर्मा ने बताया कि नगर विकास विभाग द्वारा सिद्धार्थनगर जनपद में 2000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इनमें से आधे से अधिक कार्य सांसद पाल की अनुशंसा पर ही स्वीकृत हुए हैं। विद्युतीकरण के क्षेत्र में भी उनके प्रयासों से जिले के सुदूर मजरों और गांवों तक बिजली पहुंची है।

भारत अब विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था: सांसद पाल

अपने जन्मदिन पर मिले स्नेह से अभिभूत सांसद जगदंबिका पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब मोदी जी ने सत्ता संभाली थी, तब भारत 11वीं अर्थव्यवस्था था, लेकिन आज हम विश्व की 5वीं सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती महाशक्ति हैं।” उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और कर्तव्य का मार्ग है।

मंत्री ने स्वयं किया कंबल वितरण

कार्यक्रम के दौरान मानवीय संवेदनाएं भी देखने को मिलीं, जब मंत्री ए. के. शर्मा और सांसद ने मंच से उतरकर स्वयं कई बुजुर्गों और असहाय लोगों को अपने हाथों से कंबल ओढ़ाए। हाड़ कंपाने वाली इस ठंड में राहत पाकर गरीबों के चेहरे खिल उठे।

 

Voice Of News 24