सोनौली बॉर्डर: नेपाल ले जाई जा रही नाबालिग किशोरी को एसएसबी ने बचाया,मानव तस्कर महिला गिरफ्तार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के सोनौली बॉर्डर पर मानव तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के सोनौली बॉर्डर पर मानव तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। एसएसबी और एक स्वयंसेवी संस्था ने मिलकर एक नाबालिग किशोरी को नेपाल जाने से रोक लिया, जिसके बाद पूछताछ में यह मानव तस्करी का मामला निकला। इस मामले में एक महिला को हिरासत में ले लिया गया है,

सोनौली निकास द्वार पर भारत से नेपाल की ओर एक लड़की जाती हुई दिखाई दी। सोनौली गेट पर ड्यूटी पर तैनात एसएसबी की टीम और पीजीएसएस संस्था की कर्मिका पुष्पा चौधरी ने लड़की से पूछताछ की। लड़की ने अपनी उम्र 17 वर्ष बताई और खुलासा किया कि परसामलिक थाना क्षेत्र की रहने वाली महीबून निशा नामक एक महिला उसे बहला-फुसलाकर नेपाल ले जा रही थी।

किशोरी ने बताया कि महीबून निशा ने उसे नेपाल में अच्छी नौकरी और खूब पैसे मिलने का लालच दिया था, जिससे वह अच्छी जिंदगी जी सके। महिला उसे अपने घर ले गई, कपड़े बदलवाए और सोनौली गेट के करीब छोड़ दिया। महिला ने किशोरी से कहा कि वह अकेले बॉर्डर पार करे, जहां थोड़ी दूर आगे एक लड़का मिलेगा जो उसे गंतव्य स्थान तक छोड़ देगा। महिला ने भरोसा दिलाया कि वह बाद में उसके पास आ जाएगी। जैसे ही किशोरी आगे बढ़ने लगी, उसे रोक लिया गया।

एसएसबी 22वीं वाहिनी के निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह मामला स्पष्ट रूप से मानव तस्करी का लग रहा था। पीजीएसएस और एसएसबी के प्रयासों तथा लड़की की निशानदेही पर संदिग्ध महिला को पूछताछ के लिए पकड़ लिया गया है। बेहतर पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए 66वीं वाहिनी स्थित मानव तस्करी इकाई को बुलाया गया है।

लड़की के माता-पिता से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी बेटी के नेपाल जाने की कोई जानकारी नहीं थी और यह महिला उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की फिराक में थी। उन्होंने महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एचटीयू टीम द्वारा काउंसलिंग के बाद मानव तस्करी की पुष्टि हुई है। आवश्यक लिखित कार्रवाई और परसामलिक थाने में सुपुर्दगी की प्रक्रिया जारी है।

 

Voice Of News 24

[the_ad id="45361"]
[the_ad id="45359"]
[the_ad id="47307"]