मेरठ जनपद में फिर बढ़ा कोरोना का खतरा, 64 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित

मेरठ

मेरठ जनपद में कोरोना संक्रमण का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

मेरठ जनपद में कोरोना संक्रमण का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है।आज रविवार को पल्लवपुरम फेज 1 निवासी 64 वर्षीय एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। चिंता की बात यह है कि महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुई हैं।

गृहिणी महिला में कफ, बुखार, सर्दी और खांसी जैसे लक्षण देखे गए थे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महिला अस्थमा और डायबिटीज से भी पीड़ित हैं, जिससे उनकी स्थिति को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। बुखार की शिकायत होने पर उनकी कोरोना जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें फिलहाल होम आइसोलेशन में रखा गया है।

इस नए मामले के साथ ही मेरठ जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है, जिसने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

संक्रमित महिला के परिवार के 4 अन्य सदस्यों की भी कोरोना जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरे मामले पर बारीकी से नजर रख रही हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अशोक कटारिया ने बताया कि जिले में कोविड जांच की संख्या बढ़ा दी गई है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे कोरोना से बचाव के लिए मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, शारीरिक दूरी बनाए रखें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। विभाग लगातार लोगों को इन सावधानियों के प्रति जागरूक कर रहा है।

 

Voice Of News 24