सिद्धार्थनगर:काला नमक चावल की खेती को बढ़ावा के लिए किसानों को मिला प्रशिक्षण वैश्विक स्तर पहचान बनाने पर जोर

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में “एक जनपद एक उत्पाद” (ODOP) योजना के तहत चयनित काला नमक चावल की वैज्ञानिक विधि से खेती को बढ़ावा देने के लिए आज एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर जनपद में “एक जनपद एक उत्पाद” (ODOP) योजना के तहत चयनित काला नमक चावल की वैज्ञानिक विधि से खेती को बढ़ावा देने के लिए आज एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास खंड बर्डपुर सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में कलस्टर प्रभारी और चयनित कृषकों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने बताया कि काला नमक चावल सिद्धार्थनगर की पहचान है, जिसे महात्मा गौतम बुद्ध ने प्रसाद के रूप में दिया था, और यह न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि काला नमक चावल के क्षेत्रफल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जहाँ इसकी खेती मात्र 2000 हेक्टेयर में होती थी, वह अब बढ़कर 18000 हेक्टेयर तक पहुँच गई है।

डॉ. गणपति आर. ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन काला नमक चावल की खेती करने वाले किसानों को पूरा सहयोग दे रहा है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 में एक क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया था, और अगला सम्मेलन नवंबर 2025 में होगा। इस सम्मेलन के माध्यम से किसानों को अपने उत्पाद सीधे खरीदारों तक पहुँचाने और बेचने के लिए स्टॉल की सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त, जिला प्रशासन काला नमक चावल को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बेचने के लिए प्रयास करेगा, जिससे किसानों को व्यापक बाजार मिल सके।

कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल ने किसानों को काला नमक चावल की वैज्ञानिक खेती की विस्तृत जानकारी दी, जिसमें उन्नत बीजों, सिंचाई, उर्वरक और कीट प्रबंधन सहित विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण के अंत में, किसानों ने जिलाधिकारी को आम भेंट कर आभार व्यक्त किया। यह कार्यक्रम सिद्धार्थनगर के काला नमक चावल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Voice Of News 24