भारत ने दक्षिण अफ्रीका को बुरी तरह रौंदा विश्व कप मे लगातार 8वी जीत , 83 रन पर ऑल आउट हुई अफ्रीका

Voice Of News 24

05 Nov 2023 23:57PM

भारतीय टीम ने विश्व कप 2023 के 37वें मैच में साउथ अफ्रीका को 243 रन से हराकर इस विश्व की लगातार आठवीं जीत हासिल की। भारत की इस मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही कमाल की रही।विराट कोहली के रिकॉर्ड 49वें शतक के दम पर भारत ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी और 50 ओवर में 5 विकेट पर 326 रन बनाए। किंग कोहली का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने अपने जन्मदिन को बेहद ही यादगार बनाते हुए 101 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। वहीं, उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 77 रन बनाए।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने 27.1 ओवर में 83 रन बनाकर ढेर हो गई। भारतीय टीम की तरफ से रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। मोहम्मद शमी को 2 और कुलदीप को भी 2 सफलता मिली।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच क्रिकेट विश्व कप में अब तक 6 मैच खेले गए हैं. इस दौरान साउथ अफ्रीका और भारत ने 3-3 मुकाबले जीते हैं. वनडे क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच खेले गए 91 मैचों में से भारत ने 38 और साउथ अफ्रीका ने 50 जीते हैं, जबकि तीन मुकाबले बेनतीजा रहे.

भारत ने 20 साल बाद दोहराया इतिहास

इस मैच में जीत हासिल कर भारत ने 20 साल बाद वर्ल्ड कप में एक गजब का कारनामा कर दिखाया। दरअसल, भारतीय टीम ने 20 साल बाद वर्ल्ड कप में लगातार आठवीं जीत हासिल की हैं। इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2003 विश्व कप में 8 मैच मेंलगातार 8 मैच जीते थे।भारतीय टीम ने इस विश्व कप में लगातार आठ मैच जीतने के मामले में न्यूजीलैंड की बराबरी की, जिन्होंने ये कमाल 2015 विश्व कप में किया था।

विराट कोहली ने जड़ा 49वां शतक, महान सचिन तेंदुलकर की बराबरी की

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में रिकॉर्ड 49वां शतक जड़ा।इस दौरान उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी की।