सीएम योगी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन की तीसरी पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया

 Voice of news 24

21 Jul 2023 16:04PM

 

सीएम योगी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन की तीसरी पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। उन्होंने कहा टंडन जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा के वरिष्ठ नेता, स्थानीय विधायक, सांसद और बिहार व मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के राज्यपाल रहे लालजी टंडन की तीसरी पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लालजी टंडन ने लखनऊ में श्रद्धेय अटल जी की विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य किया था।

उनकी स्मृतियों को हम सब नमन करते हैं। उनकी यात्रा वास्तव में शून्य से शिखर की यात्रा रही। एक सामान्य कार्यकर्ता, पार्षद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, प्रदेश सरकार में मंत्री, सांसद और बिहार व मध्य प्रदेश में राज्यपाल के रूप में उन्होंने अपने अनुभव और योग्यता का परिचय देकर जो लाभ प्रदेश और उन सभी राज्यों को दिया वह उल्लेखनीय है और व्यवस्था के लिए एक उदाहरण भी है। लखनऊ के साथ उनका एक आत्मीय संबंध था, जिसे यहां लोग आज भी स्मरण करते हैं।