सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में मंगलवार को भारत के सामने कुवैत की चुनौती होगी

Voice of news 24

04 Jul 2023 15:23PM

बेंगलुरु

सैफ चैंपियनशिप फुटबॉल के फाइनल में गत विजेता भारत के नौवें खिताब की राह में मजबूत कुवैत होगा। बेंगलुरु के कांतिरवा स्टेडियम में आज खेले जाने वाले फाइनल में भारतीय टीम के साथ घरेलू दर्शकों का जबरदस्त समर्थन होगा। यही नहीं सकारात्मक पक्ष यह भी है कि टीम को डिफेंडर संदेश झींगन का साथ मिलेगा। वह लेबनान के खिलाफ हुए सेमीफाइनल में दो यलो कार्ड दिखाए जाने के चलते नहीं खेले थे। भारतीय टीम की निर्भरता एक बार फिर अब तक टूर्नामेंट में पांच गोल करने वाले कप्तान सुनील छेत्री पर होगी।

पेनल्टी शुटआउट में जीती भारत

भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में लेबनान की मजबूत टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। सीडर्स के खिलाफ 120 मिनट के कठिन संघर्ष के बाद, गुरप्रीत सिंह संधू की गोलकीपिंग के चलते भारत पेनल्टी शूटआउट में 2-4 से विजयी हुआ। अनुभवी गोलकीपर ने शूटआउट में हसन माटौक को असफल कर दिया जबकि खलील बदर ने उनके प्रयास को विफल कर दिया।