Voice of news 24
17 Jun 2023 12:00PM
नयी दिल्ली
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने शुक्रवार को एशिया ओलंपिक परिषद (ओसीए) से संपर्क कर एशियाई खेलों के लिए देश की कुश्ती टीम का विवरण मुहैया कराने की समयसीमा 15 जुलाई बढ़ाने की मांग की क्योंकि पहलवानों ने खेल मंत्रालय से अगस्त में ट्रायल कराने का अनुरोध किया है।

आईओए को 15 जुलाई तक सभी वर्गों की सूची ओसीए को सौंपनी है। डब्ल्यूएफआई (भारतीय कुश्ती महासंघ) ने सभी राष्ट्रीय महासंघों को 30 जून तक अपने संबंधित चयनित खिलाड़ियों के अंतिम सूची जमा करने के लिए कहा है।.बजरंग पूनिया सहित विरोध करने वाले पहलवान अब एशियाई खेलों के ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक हैं, लेकिन उन्हें शारीरिक फिटनेस हासिल करने के लिए समय चाहिए। ये पहलवान डब्ल्यूएफआई के निवर्तमान प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लंबे समय से चले आ रहे विरोध प्रदर्शन के कारण तैयारी नहीं कर पाये है। पता चला है कि पहलवानों ने शुक्रवार को उप खेल सचिव एसपीएस तोमर को एक पत्र लिखा था और मंत्रालय के अधिकारी ने शनिवार को इस अनुरोध को डब्ल्यूएफआई की तदर्थ निकाय को भेज दिया।





















