महराजगंज

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के कटका ग्राम सभा में गुरुवार की शाम एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में छठ महापर्व को लेकर उत्सव का माहौल था, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार और मातम पसर गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के कटका ग्राम सभा में गुरुवार की शाम एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में छठ महापर्व को लेकर उत्सव का माहौल था, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार और मातम पसर गया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से करीब दो वर्षीय मासूम हिमांशु की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, कटका ग्राम सभा के प्रधान अरवेश कुमार के घर छठ पूजा के निमंत्रण पर रिश्तेदार आए हुए थे। इनमें सिसवा कस्बा निवासी जितेंद्र का परिवार भी शामिल था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे जितेंद्र का दो वर्षीय बेटा हिमांशु घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान परिसर में खड़े ट्रैक्टर के पीछे खेलते समय मासूम उसकी चपेट में आ गया और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया।
हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि जितेंद्र रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। उनके दो बेटे थे। बड़ा बेटा आदर्श करीब छह वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा हिमांशु लगभग दो वर्ष का था। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार से उसकी सबसे छोटी खुशियां छीन लीं।
छठ महापर्व के अवसर पर हुआ यह हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा और शोक का विषय बना हुआ है। जिस आंगन में कुछ देर पहले मासूम की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है।
एक मां की गोद सूनी हो गई, एक परिवार की दुनिया उजड़ गई और पीछे रह गईं मासूम की यादें।
फिलहाल घटना के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी और पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।
मऊ में गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाने से बच्चे को कैंसर होने का आरोप: कोर्ट के आदेश पर दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
https://t.co/W5sirNSLeP
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 19, 2026



















