बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यूपी एसटीएफ (STF), दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस के एक संयुक्त अभियान में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात बदमाश नसीम दुरानी मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ जनपद के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई।
दिल्ली के बहुचर्चित हत्याकांड में था वांछित
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुख्यात अपराधी नसीम दुरानी पर बीते 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में हुई समीर की सनसनीखेज हत्या का मुख्य आरोप था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद से वह फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नसीम दुरानी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
यूपी एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच को इनपुट मिला था कि इनामी बदमाश नसीम बुलंदशहर के सिकंदराबाद इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर यूपी एसटीएफ, दिल्ली क्राइम ब्रांच और सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नसीम दुरानी को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया।
अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की जांच में जुटी एजेंसियां
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नसीम दुरानी के तार ‘डी-कंपनी’ से जुड़े हुए थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां उसके आपराधिक इतिहास, अन्य साथियों और स्थानीय नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















