बलिया

बलिया प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्था व अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज, जिला कारागार और भृगु कॉरिडोर पर विशेष फोकस
समीक्षा के दौरान 14.05 एकड़ भूमि पर 487 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री ने निर्माण में आ रही अड़चनों की तत्काल सूचना देने को कहा ताकि समय रहते समाधान हो सके। वहीं, 38 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली जिला कारागार निर्माण परियोजना (जिसके लिए 24.11 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं) पर शासन स्तर से वार्ता कर शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए। ‘भृगु कॉरिडोर’ के निर्माण में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने कार्यदायी संस्था को तत्काल काम शुरू करने और जिलाधिकारी को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट लेने का निर्देश दिया।
सड़क, बाईपास, बस स्टैंड और कटहल नाला परियोजनाओं की समीक्षा
सड़क व बाईपास: गाजीपुर-तुर्तिपार मार्ग के सौंदर्यीकरण व डिवाइडर निर्माण, खनवर नवादा से खाकी बाबा मार्ग के निर्माण के साथ ही जिले की सभी सड़कों की पटरियां अनिवार्य रूप से बनाने का निर्देश दिया गया। एनएच-31 माल्देपुर से महिला अस्पताल तक मेडिकल बाईपास कॉरिडोर के चौड़ीकरण को पूरा कर वहां सड़क का नाम, लागत व वर्ष अंकित करते हुए बड़ा सूचना बोर्ड लगाने को कहा गया। बैना बाईपास रोड का टेंडर तत्काल पूरा करने और बांसडीह-बलिया-घोड़ी मार्ग का चौड़ीकरण फरवरी 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बस स्टैंड व अन्य निर्माण: बलिया में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण में लापरवाही पर कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई गई, जबकि चांदपुर में आईएसबीटी की चारदीवारी और बेदुआ में 150 लोगों की क्षमता वाले बाढ़ शरणालय का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा गया।
कटहल नाला व पेयजल योजना: दो किलोमीटर लंबे कटहल नाला निर्माण में अब तक केवल 500 मीटर कार्य होने पर मंत्री ने तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद बलिया की सीवरेज योजना तथा बैरिया, बांसडीह, बेल्थरारोड व रसड़ा की पेयजल पुनर्गठन योजनाओं को फरवरी 2027 तक और बेलहरी, हनुमानगंज व मनियर की ग्राम समूह पाइप पेयजल योजनाओं को जनवरी माह में पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया।
शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय तुर्की (नगरा) का निर्माण पूरा कर परिसर में फलदार पौधे लगाने, मॉडल कंपोजिट विद्यालय बलिया के निर्माण में तेजी लाने और सिकंदरपुर के फूलपकड़ी स्थित जननायक चंद्रशेखर स्पोर्ट्स कॉलेज का कार्य फरवरी 2027 तक पूरा करने को कहा। बैठक में जानकारी दी गई कि शहर के 10 प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे व एलईडी स्क्रीन लगाने का काम पूरा हो चुका है।
इसके अतिरिक्त, बिजली विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में अनावश्यक कटौती व अवैध वसूली रोकने तथा सीएमओ को ग्रामीण अस्पतालों में डॉक्टरों की तैनाती व सीएचसी के एक्स-रे केंद्रों पर कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस समीक्षा बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक ईराज राजा, सीडीओ आलोक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा और सीएमओ डॉ. अभय कुमार राय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मऊ में गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाने से बच्चे को कैंसर होने का आरोप: कोर्ट के आदेश पर दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
https://t.co/W5sirNSLeP
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 19, 2026



















