बलिया

बलिया राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को पंदह ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सामूहिक दवा सेवन (आईडीए) अभियान की शुरुआत की गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को पंदह ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सामूहिक दवा सेवन (आईडीए) अभियान की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय और खंड विकास अधिकारी सुवेदिता सिंह ने संयुक्त रूप से अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर लोगों को जागरूक किया तथा मौके पर मौजूद लोगों को उम्र व लंबाई के अनुसार आइवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई।
1,74,711 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य, जागरूकता पर जोर
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए सभी पात्र व्यक्तियों का दवा खाना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे खुद दवा लेने के साथ-साथ परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, साफ-सफाई रखें, पूरे बाजू के कपड़े पहनें और रात में मच्छरदानी का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 1 लाख 74 हजार 711 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। डीएम ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को अपने सामने ही दवा खिलाना सुनिश्चित करें।
मच्छर के काटने से फैलता है संक्रमण, समय पर दवा जरूरी
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति को काटने के बाद मच्छर स्वयं संक्रमित हो जाता है और स्वस्थ व्यक्ति को काटने पर फाइलेरिया के परजीवी उसके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। इसके लक्षण 5 से 15 वर्ष बाद भी सामने आ सकते हैं, जिससे हाथ-पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में सूजन और दिव्यांगता जैसी गंभीर समस्या हो सकती है। उन्होंने लोगों से सालाना निर्धारित अभियान के तहत दवा लेने की अपील की।
7 दिसंबर तक चलेगा अभियान, 181 टीमें व 30 सुपरवाइजर तैनात
वेक्टर बॉर्न रोग के नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पंदह ब्लॉक में 7 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के लिए 181 स्वास्थ्य टीमें बनाई गई हैं और निगरानी के लिए 30 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र लोगों को अपने सामने दवा खिलाएंगे, जबकि एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार लोगों को दवा नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा का वितरण नहीं किया जाएगा, बल्कि सामने ही सेवन कराया जाएगा और सामान्य हल्के लक्षण दिखने पर स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
शत-प्रतिशत कवरेज का संकल्प, ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में किसी कारणवश पंदह ब्लॉक अभियान से छूट गया था, लेकिन अब पूरे क्षेत्र में शत-प्रतिशत पात्र लोगों तक दवा पहुंचाने का लक्ष्य है। इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी ताज मोहम्मद, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के साथ पाथ से अरुण सिंह, पीसीआई से अभिषेक पाण्डेय, सी-फार से जय प्रकाश तिवारी और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मऊ में गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाने से बच्चे को कैंसर होने का आरोप: कोर्ट के आदेश पर दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
https://t.co/W5sirNSLeP
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 19, 2026



















