बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के छतारी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-509 पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय मासूम की जान चली गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के छतारी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-509 पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय मासूम की जान चली गई। गांव रुस्तमगढ़ी के समीप तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे व आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
घर के बाहर खड़ा था मासूम, कार ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, गांव रुस्तमगढ़ी (माजरा बुढ़ांसी) निवासी रामप्रकाश का 10 वर्षीय पुत्र मंगल रविवार की देर शाम सड़क किनारे खड़ा हुआ था। इसी दौरान हाईवे से गुजर रही एक तेज रफ्तार कार ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंगल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और स्थानीय ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिजन आनन-फानन में गंभीर हालत में बच्चे को नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौते चिराग की मौत से टूटा परिवार, ग्रामीणों का आक्रोश
मंगल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। मासूम की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और चीख-पुकार मच गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने गांव में एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन व हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि फरार कार चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, शांत कराया मामला
हंगामे की सूचना मिलते ही छतारी थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार और रामघाट थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू की जाएगी।
मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग https://t.co/xJ7gqIYeIW
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 19, 2026













