महराजगंज: संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी का मौत,घर में फंदे से लटका मिला शव, फॉरेंसिक जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

चौक

महराजगंज जनपद के थाना चौक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरिया में बीती रात एक 17 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के कमरे के भीतर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वॉइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के थाना चौक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरिया में बीती रात एक 17 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के कमरे के भीतर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे से लगाया फंदा

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 और 11 नवंबर 2026 की दरमियानी रात की है। खजुरिया गांव निवासी सुनील की 17 वर्षीय पुत्री पूनम ने रात में अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने छत की कुंडी से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से देखने पर किशोरी को फंदे से लटकता देख परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद मृतका के पिता सुनील पुत्र द्वारिका ने तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

डायल 112 से सुबह 7:29 बजे मिली सूचना के बाद चौक थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

फॉरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जाने के बाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने मृतका के पिता व ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायतनामा की विधिक प्रक्रिया पूर्ण की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

परिजनों में छाया मातम, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

अचानक हुए इस हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किशोरी ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में और किस वजह से उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है।

चौक पुलिस के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों से पूछताछ के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Voice Of News 24

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.

The specified slider does not exist.