लखीमपुर खीरी: फरदिया गाँव में नारकीय जीवन; बेटी की शादी के दिन भी सुंदरलाल के घर में घुस रहा नाली का पानी, दबंगों ने रोका मिट्टी भराव, विकास के दावों की खुली पोल

निघासन

लखीमपुर खीरी जनपद के तहसील निघासन क्षेत्र अंतर्गत थाना सिंगाही की ग्राम पंचायत नौरंगाबाद के मजरा फरदिया गाँव से विकास के दावों को मुंह चिढ़ाती एक बेहद शर्मनाक और आक्रोशित करने वाली जमीनी हकीकत सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के तहसील निघासन क्षेत्र अंतर्गत थाना सिंगाही की ग्राम पंचायत नौरंगाबाद के मजरा फरदिया गाँव से विकास के दावों को मुंह चिढ़ाती एक बेहद शर्मनाक और आक्रोशित करने वाली जमीनी हकीकत सामने आई है। इस गाँव में मुकम्मल जल निकासी और नाली निर्माण न कराए जाने के कारण पूरे गाँव का गंदा और बदबूदार पानी मुख्य मार्ग पर जमा है। प्रशासनिक उपेक्षा और दबंगई के चलते ग्रामीणों का जीना मुहाल हो चुका है।

बेटी की शादी के दिन भी घर में गंदा पानी, दबंगों की शर्मनाक करतूत

गाँव की बदहाली और संवेदनहीनता का सबसे दर्दनाक पहलू आज देखने को मिला। फरदिया निवासी पीड़ित सुंदरलाल पुत्र कलूराम के घर में आज दिनांक 11 जुलाई 2026 को बेटी की शादी का मांगलिक कार्यक्रम है। घर में खुशियों और मेहमानों का माहौल है, लेकिन विडंबना देखिए कि नाली न होने के कारण पूरे गाँव का गंदा पानी सुंदरलाल के आंगन और घर के भीतर तक प्रवेश कर रहा है।

हद तो तब हो गई जब पीड़ित परिवार ने बारात के स्वागत और रास्ते को सुगम बनाने के लिए जलभराव वाले स्थान पर मिट्टी डलवाने का प्रयास किया, तो गाँव के कुछ रसूखदार दबंगों ने सरेआम अड़ंगा लगा दिया। दबंगों ने रास्ते में मिट्टी डालने से साफ रोक दिया, जिससे शादी वाले घर में भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है और परिजनों में गहरा रोष व्याप्त है।

 

‘वॉइस ऑफ न्यूज 24’ की टीम जब ग्राउंड जीरो पर पहुँची, तो स्थिति बेहद भयावह मिली। गाँव के मासूम नौनिहाल बच्चे इसी बजबजाती गंदगी और गटर के बदबूदार पानी के बीच रहने और खेलने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा नाली निर्माण न कराए जाने के कारण घरों का दूषित पानी सीधे मुख्य रास्ते पर आकर जमा हो जाता है। गंदे पानी के इस ठहराव से क्षेत्र में मच्छरों, मक्खियों और जहरीले कीड़े-मकोड़ों की भरमार हो गई है, जिससे मासूम बच्चों में जलजनित संक्रामक बीमारियों, डेंगू और मलेरिया फैलने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग

शादी के पवित्र माहौल में दबंगों द्वारा अड़ंगा लगाने और गाँव की इस नारकीय स्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। फरदिया गाँव के नागरिकों ने जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी, पुलिस अधीक्षक और खंड विकास अधिकारी निघासन से पुरजोर मांग की है कि तत्काल पुलिस बल के साथ प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा जाए।

पीड़ित सुंदरलाल की बेटी की शादी को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए रास्ते से पानी हटवाया जाए, मिट्टी रोकने वाले दबंगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और युद्ध स्तर पर स्थायी नाली निर्माण कराकर गाँव को इस नरक से मुक्ति दिलाई जाए।

 

Voice Of News 24

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.