सिसवा बाजार

शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के समापन पर नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के समापन पर नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों से निकली विसर्जन शोभायात्रा के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बिजापार स्थित खेखड़ा नाले में प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया। इस दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहा।
सिसवा स्टेट कैंपस से निकला भव्य विसर्जन जुलूस
नगर के विभिन्न वार्डों और पूजा समितियों द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को फूलों और विद्युत झालरों से सुसज्जित वाहनों पर विराजमान कर सबसे पहले सिसवा स्टेट कैंपस में एकत्रित किया गया। वहां से निर्धारित क्रमबद्ध तरीके से विसर्जन जुलूस रवाना हुआ। ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘जय माता दी’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर मां की अंतिम विदाई में शीश नवाया।
पारंपरिक मार्गों से होते हुए बिजापार पहुंचा कारवां
विसर्जन यात्रा सिसवा स्टेट चौराहा, रामजानकी मंदिर, अमरपुर, मेन गोपाल नगर और मिशकारी मोहल्ला होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद जुलूस फल मंडी और सागर स्थान के रास्ते आगे बढ़ते हुए बिजापार स्थित खेखड़ा नाले के तट पर पहुंचा। घाट पर आचार्यों एवं पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती उतारी गई, जिसके बाद नम आंखों से श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
विसर्जन कार्यक्रम को निर्विघ्न और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने स्वयं रूट मार्च कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी। विसर्जन संपन्न होने के साथ ही नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि महोत्सव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।
महराजगंज: ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
https://t.co/qcw4fupriE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 22, 2026













