लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी जनपद के निघासन समाधान दिवस में रेलवे स्टेशन परिसर के भीतर बेकाबू घोड़ों के विचरण की गंभीर शिकायत सामने आने पर एसडीएम राजीव निगम ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मामले के निस्तारण में लापरवाही बरतने और बेलरायां रेंज के रेंजर की अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी जताई।
समाधान दिवस के दौरान रेंजर स्वयं आने के बजाय अपनी जगह एक मामूली वनकर्मी को उपस्थिति दर्ज कराने के लिए भेज दिया था। इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए एसडीएम ने वनकर्मी को तत्काल वापस लौटा दिया और रजिस्टर में रेंजर की अनुपस्थिति दर्ज करा दी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं की सुनवाई में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारी को खुद मौजूद रहना होगा।
रेलवे स्टेशन पर घोड़ों के आतंक को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने वन विभाग को इस समस्या का तत्काल और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से लापरवाह अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।












