हापुड़
हापुड़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत खाई मोहल्ले में शॉर्ट सर्किट के चलते कपड़े की दो दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

हापुड़ जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत खाई मोहल्ले में शॉर्ट सर्किट के चलते कपड़े की दो दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रास्ता बेहद संकरा होने के कारण दमकल की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं जा सकी। ऐसे में दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से बाल्टी और मग्गे से पानी डालकर आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
संकरी गली बनी बाधा, स्थानीय लोगों के साथ जुटे दमकल कर्मी
मिली जानकारी के अनुसार, आग सुनारों की मार्केट से आगे खाई मोहल्ले में स्थित ‘मीनू क्लॉथ स्टोर’ और उनके पुत्र अमीर की कपड़े की दुकान में लगी। मीनू क्लॉथ स्टोर में मुख्य रूप से साड़ियों पर नग, सितारे और बेल लगाने का काम होता है, जबकि दूसरी दुकान में रेडीमेड कपड़े और साड़ियां रखी हुई थीं।
शॉर्ट सर्किट के कारण उठी चिंगारी ने देखते ही देखते दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग को जैसे ही इसकी सूचना मिली, फायर सर्विस यूनिट तुरंत रवाना हुई। हालांकि, मोहल्ले की गली बेहद संकरी होने के कारण फायर टेंडर (गाड़ी) को बाहर ही रोकना पड़ा। मौके पर स्थानीय नागरिक पहले से ही घरों की टंकी के पाइप से आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घरों की टंकी के पाइप, बाल्टियों और मग्गों में पानी भरकर आग पर डालना शुरू किया। दुकानों के भीतर आग गहराई तक न फैले, इसके लिए दमकल कर्मियों ने दुकान में लगे प्लाईवुड के बोर्ड को कुल्हाड़ी से तोड़ दिया और अंदर सुलग रही आग को पूरी तरह शांत किया।
लाखों का सामान जलकर खाक
हालांकि इस हादसे में किसी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन आग की तपिश के कारण दुकानों में रखा कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। जलने वाले सामान में भारी मात्रा में कपड़े, साड़ियां, सूट, नग-सितारे, बेल और दुकान का प्लाईवुड का फर्नीचर शामिल है। आग पूरी तरह बुझने और स्थिति नियंत्रण में होने के बाद ही फायर सर्विस की यूनिट वापस स्टेशन लौटी।
बुलंदशहर: तेज रफ्तार कार का टायर फटने से बड़ा हादसा, डिवाइडर पर चढ़ी गाड़ी; महिला की मौत, मासूम समेत 3 घायलhttps://t.co/jpDnMc4dFW
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 24, 2026












