संतकबीरनगर में दुस्साहस: छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या; भड़के ग्रामीणों ने आरोपी के घर में लगाई आग, तीन जिलों की पुलिस बल तैनात

संतकबीरनगर

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र स्थित बभनी चौराहे पर गुरुवार रात रोंगटे खड़े कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र स्थित बभनी चौराहे पर गुरुवार रात रोंगटे खड़े कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक शादी समारोह में अपनी भांजी से हो रही छेड़खानी का विरोध करने पर दबंग आरोपी ने एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त सांप्रदायिक तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों चक्काजाम और हंगामा किया। उग्र भीड़ ने आरोपी के घर और एक गुमटी को आग के हवाले कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तीन जनपदों की भारी पुलिस फोर्स और आला अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा है।

शादी समारोह में छेड़खानी का विरोध बना काल; नासीर ने रेता आनंद का गला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बखिरा थाना क्षेत्र के कोलकी चमरसन गांव निवासी इंद्रेश का 30 वर्षीय पुत्र आनंद गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। आरोप है कि वहाँ गांव का ही एक युवक नासीर, आनंद की भांजी के साथ सरेराह छेड़खानी और बदतमीजी कर रहा था। आनंद ने जब अपनी भांजी के सम्मान की खातिर इस हरकत का कड़ा विरोध किया, तो नासीर उसे देख लेने की धमकी देकर चला गया।

इसी पुरानी रंजिश और खुन्नस को पाले बैठे आरोपी नासीर ने गुरुवार की रात बभनी चौराहे के पास आनंद को अकेला पाकर धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बेरहमी से उसका गला रेतकर मौके से फरार हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण आनंद की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

सड़क पर शव रखकर महा-बवाल; आरोपी के घर में लगाई आग, बुलडोजर और एनकाउंटर की मांग

आनंद की हत्या की खबर जैसे ही उसके गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैली, हजारों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीण और परिजन लाठी-डंडों के साथ बभनी चौराहे पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने शव को मुख्य सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उग्र ग्रामीणों ने आरोपी नासीर के घर तथा सड़क किनारे बनी एक गुमटी में आग लगा दी।

आरोपी के एक विशेष समुदाय से होने के कारण पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मृतक के रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण मौके पर ही आरोपी के तत्काल एनकाउंटर करने और उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के तहत उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़ गए।

एडीजी, डीआईजी, एसपी और डीएम ने संभाली कमान; 3 जिलों की फोर्स तैनात

मकान फूंकने और भारी बवाल की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में लेने के लिए तत्काल तीन जनपदों (संतकबीरनगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर) की भारी पुलिस फोर्स, पीएसी और दंगा नियंत्रण वाहनों को बभनी चौराहे पर उतार दिया गया।

देर रात ही एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी, पुलिस अधीक्षक (SP) सदीप कुमार मीणा और जिलाधिकारी (DM) आलोक कुमार भारी अमले के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। आला अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी और उसकी संपत्ति के खिलाफ भी कठोर विधिक कदम उठाए जाएंगे। कड़े और ठोस प्रशासनिक आश्वासन के बाद देर रात करीब 3:30 बजे परिजन शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

गांव में पुलिस की सख्त गश्त, आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी नासीर के खिलाफ हत्या और अन्य सुसंगत व संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्वात (SWAT), एसओजी (SOG) और बखिरा पुलिस की 4 अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। एहतियात के तौर पर कोलकी चमरसन गांव और बभनी चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.