मेरठ: ट्रैक सूट में महिला थाने पहुंचे एसएसपी, सोती मिली सिपाही; ‘क्राइम रजिस्टर’ गायब कर 19 पुलिसकर्मियों को दी सजा

मेरठ

मेरठ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडेय का एक बेहद कड़ा और अनोखा अंदाज देखने को मिला है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मेरठ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडेय का एक बेहद कड़ा और अनोखा अंदाज देखने को मिला है। कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सतर्कता को परखने के लिए कप्तान साहब सुबह भ्रमण के दौरान अचानक ट्रैक सूट पहनकर ‘फिल्टर टेस्ट’ (औचक निरीक्षण) करने महिला थाने पहुंच गए। इस दौरान थाने में सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी को लेकर बेहद गंभीर लापरवाही उजागर हुई है।

निरीक्षण के दौरान जब एसएसपी महिला थाने के मुख्य गेट और परिसर में पहुंचे, तो वहां दूर-दूर तक कोई भी पुलिसकर्मी तैनात नहीं मिला। जब वह आगे बढ़ते हुए कार्यालय के भीतर दाखिल हुए, तो वहां ड्यूटी पर तैनात एक महिला सिपाही कुर्सी पर बैठी हुई गहरी नींद में सोती पाई गई।

चुपके से उठा ले गए सबसे महत्वपूर्ण ‘रजिस्टर नंबर 4’

एसएसपी अविनाश पांडेय कार्यालय के भीतर काफी देर तक मौजूद रहे और वहां रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगालते रहे, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी को भनक तक नहीं लगी। लापरवाही का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कप्तान साहब थाने का सबसे गोपनीय और महत्वपूर्ण दस्तावेज ‘क्राइम रजिस्टर’ (जिसे रजिस्टर नंबर चार भी कहा जाता है) अपने साथ उठाकर चुपचाप चले गए।

ऐसे खुला लापरवाही का राज: कार्यालय लौटने के बाद एसएसपी ने महिला थाना प्रभारी सीता सिंह को तत्काल ‘क्राइम रजिस्टर’ प्रस्तुत करने का आदेश दिया।

थाने में मचा हड़कंप: थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी जब कार्यालय में रजिस्टर खोजने पहुंचे, तो वह गायब मिला। काफी देर की अफरा-तफरी और खोजबीन के बाद जब थाने के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले गए, तब जाकर पुलिसकर्मियों के होश उड़े कि स्वयं कप्तान साहब सुबह आए थे और सोते हुए स्टाफ के बीच से रजिस्टर ले गए हैं।

क्या होता है क्राइम रजिस्टर?

पुलिस विभाग के अनुसार, अपराध रजिस्टर यानी ‘रजिस्टर नंबर चार’ किसी भी थाने का सबसे महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज माना जाता है। इसमें थाने में दर्ज होने वाले सभी मुकदमों (FIR) और उन पर अब तक हुई विधिक कार्रवाई का संक्षिप्त लेकिन पूरा रिकॉर्ड दर्ज होता है। इसका गायब होना या किसी बाहरी के हाथ लगना बेहद संवेदनशील माना जाता है।

लापरवाही पर बड़ा एक्शन: 19 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर/तबादला

महिला थाना पुलिस की इस घोर अनुशासनहीनता और लापरवाही को बेहद गंभीर मानते हुए एसएसपी अविनाश पांडेय ने तत्काल बड़ा हंटर चलाया है। उन्होंने थाने पर तैनात 19 महिला कांस्टेबल और हेड कांस्टेबलों का तत्काल प्रभाव से जिले के अन्य थानों में तबादला कर दिया है और उनकी जगह नए सतर्क पुलिसकर्मियों को तैनात करने के आदेश जारी किए हैं।

एसएसपी ने कड़े शब्दों में संदेश देते हुए कहा कि थाने में कोई भी पीड़ित या असहाय व्यक्ति किसी भी समय (दिन हो या रात) सहायता के लिए पहुंच सकता है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

 

Voice Of News 24 

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.