भगवान शिव के प्रति आस्था ही भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी शक्ति : हरिवंश नारायण सिंह

बलिया

बलिया बाबा बालखंडी नाथ धाम में चल रही श्री शिवमहापुराण महाकथा के सातवें दिन राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कथा स्थल पहुंचकर श्रद्धालुओं का भोजपुरी में अभिवादन किया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने भी किया संबोधित, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया अभिवादन

 

बलिया बाबा बालखंडी नाथ धाम में चल रही श्री शिवमहापुराण महाकथा के सातवें दिन राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कथा स्थल पहुंचकर श्रद्धालुओं का भोजपुरी में अभिवादन किया। मंच पर आते ही उन्होंने कहा, “रउआ सबके प्रणाम। बलिया में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिवमहापुराण कथा सुनल बहुत बड़ा सौभाग्य बा। एह पावन आयोजन खातिर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह साधुवाद के पात्र बाड़ें।”

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल कथा श्रवण तक सीमित नहीं होता, बल्कि इससे मनुष्य के भीतर नैतिक और बौद्धिक मूल्यों का विकास होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि कथा से प्राप्त शिक्षाओं को अपने जीवन और संस्कारों में उतारें तथा समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं। तभी समाज का वास्तविक कल्याण संभव हो सकेगा। हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि वह बलिया के अंतिम गांव जयप्रकाश नगर के निवासी हैं और यह जनपद अनेक विभूतियों की जन्मस्थली रहा है।

यहां संत-महात्माओं की समृद्ध परंपरा रही है, वहीं चित्तू पांडेय, मंगल पांडेय, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जैसे महान व्यक्तित्वों ने भी इसी धरती को गौरवान्वित किया है। कहा दयाशंकर सिंह द्वाबा के मालवीय कहे जाने वाले मैनेजर जैसे महान शख्सियत के भांजे हैं और संयोग से मंत्री की माताजी बाबू मैनेजर सिंह की बहन तेतरी देवी भी यहां मौजूद हैं।

उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी इस आयोजन में शामिल होना चाहते थे, लेकिन एयरपोर्ट तक पहुंचने के बाद अचानक आवश्यक कार्य आ जाने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि कथा स्थल पर उमड़ी श्रद्धालुओं की विशाल संख्या देखकर उनका मन आह्लादित हो उठा है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति लोगों की यह अटूट आस्था भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की जीवंत शक्ति का परिचायक है। धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं।

उन्होंने कहा कि बाबा बालखंडी नाथ धाम में आयोजित यह शिवमहापुराण महाकथा केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण का भी माध्यम बन गई है। कथा के माध्यम से लोगों में सेवा, संयम, सदाचार और पारिवारिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। इस दौरान कथा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। लाखों श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन सभी के जीवन में सुख समृद्धि लाए।

श्रद्धालु यहां जो भी मनोकामना लेकर आए हैं भगवान भोलेनाथ उसे पूरा करें। इस दौरान आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, पूर्व मंत्री नारद राय, जितेंद्र राव, सोनू सिंह आदि मौजूद रहे।

 

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.