बलिया में उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

बलिया

बलिया जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों और व्यापारियों ने अपनी विभिन्न प्रशासनिक व बुनियादी समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध ढंग से निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए।

जलभराव और बिजली कटौती से प्रभावित हो रहे उद्योग

बैठक में मिनी औद्योगिक आस्थान बनरही (बलिया) के उद्यमियों ने शिकायत दर्ज कराई कि पिछले वर्ष औद्योगिक आस्थान में सड़क और नाली का निर्माण तो कराया गया था, लेकिन पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण वहां हमेशा जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे उद्योगों के संचालन में भारी बाधा आ रही है।

वहीं, मेसर्स अंकुर प्लास्टिक इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर अरुण सिंह ने क्षेत्र में अघोषित और बाधित विद्युत आपूर्ति का मुद्दा उठाया, जिससे उत्पादन कार्य ठप हो रहा है। इस पर अधिशासी अभियंता (विद्युत) ने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। डीएम ने अधिकारियों को उद्यमियों के साथ बैठकर इस समस्या का जल्द रास्ता निकालने को कहा। इसके अतिरिक्त, मेसर्स आकृति फूड्स के पार्टनर पंकज पाण्डेय ने ग्राम हरिहरपुर मौजा स्थित पोल्ट्री फीड फार्म तक जाने वाले मनरेगा खड़ंजा मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की बात कही, जिस पर डीएम ने मरम्मत के निर्देश जारी किए।

भीषण गर्मी में आरओ प्लांट चालू रखने और जाम से मुक्ति के निर्देश

बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने एक और बड़ा निर्देश जारी किया। उन्होंने कहा कि जिले में जहां-जहां भी आरओ (RO) प्लांट स्थापित हैं, वे सभी अनिवार्य रूप से चालू स्थिति में रहने चाहिए। पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका बलिया द्वारा अस्थायी स्टैंड को सुव्यवस्थित करने, अतिक्रमण हटाने तथा एक स्थायी अतिक्रमण टास्क फोर्स गठित करने का प्रस्ताव रखा गया। जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका को इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखने और संबंधित स्थल पर शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट और ईओ को स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (SP) ओमवीर सिंह सहित जिले के तमाम संबंधित अधिकारी और उद्यमी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.