बलिया: वैदिक मंत्रोच्चार और भव्यता के साथ मना भगवान परशुराम जन्मोत्सव, रवि किशन और लक्ष्मीकांत वाजपेयी रहे मौजूद

बलिया

बलिया जनपद में महर्षि भृगु की पावन धरा आज सोमवार को भगवान परशुराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठी। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद में महर्षि भृगु की पावन धरा आज सोमवार को भगवान परशुराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठी। भृगु आश्रम के प्रांगण में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह आस्था, संस्कृति और भव्यता का अद्भुत संगम रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, गोरखपुर सांसद रवि किशन, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को प्रतीक स्वरूप भगवान परशुराम का मुख्य शस्त्र ‘फरसा’ भेंट किया गया, जिसे उठाकर सभी ने नमन किया।

शस्त्र और शास्त्र के समन्वय हैं भगवान परशुराम: रवि किशन

मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे सांसद रवि किशन शुक्ल ने अपने चिरपरिचित अंदाज में जनता का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ज्ञान और कर्म के अद्भुत संतुलन के प्रतीक हैं। वे भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं, जिन्होंने पृथ्वी पर अधर्म का नाश करने के लिए अवतार लिया। रवि किशन ने जोर देकर कहा कि भगवान परशुराम अष्टचिरंजीवी में से एक हैं और उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।

परशुराम जी के मंदिर निर्माण की उठी मांग

कार्यक्रम के संयोजक और पूर्व प्रमुख मृत्युंजय तिवारी ‘बबलू’ने मंच से परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के समक्ष बलिया में भगवान परशुराम के एक भव्य मंदिर निर्माण की मांग रखी। इस प्रस्ताव का वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर पुरजोर समर्थन किया। परिवहन मंत्री ने भगवान परशुराम को धर्म और नीति की प्रतिमूर्ति बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक संध्या: निशा उपाध्याय और राकेश मिश्रा ने बांधा समा

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव में चार चांद लगा दिए।

सुप्रसिद्ध लोक गायिका निशा उपाध्याय और लोकप्रिय गायक राकेश मिश्रा ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के भजनों पर पूरा पंडाल झूम उठा और देर रात तक लोग भक्ति रस में डूबे रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि भगवान परशुराम का त्वरित निर्णय और सटीक रणनीति आज के आधुनिक भारत के लिए भी मार्गदर्शक है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पीसीएफ चेयरमैन वाल्मीकि त्रिपाठी, पूर्व विधायक भगवान पाठक, पूर्व विधायक नारद राय, अशोक उपाध्याय, पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया, विनोद दुबे, पूर्व मंत्री छट्ठू राम और शशांक शेखर त्रिपाठी सहित सैकड़ों की संख्या में विप्र समाज और आमजन उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24