बलिया: शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर डीएम का कड़ा रुख, सुधार न होने पर वेतन रोकने की चेतावनी

बलिया

बलिया जनपद के नगर पालिका परिषद बलिया की चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के नगर पालिका परिषद बलिया की चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाया। गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने शहर की गंदगी पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग प्रबंधकों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बायोमेट्रिक उपस्थिति और सीसीटीवी से होगी निगरानी

जिलाधिकारी ने फर्जीवाड़े और कामचोरी को रोकने के लिए रजिस्टर प्रणाली को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया है। अब शहर के सभी 25 वार्डों में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी, जहाँ कर्मचारियों को दोनों पालियों में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इन स्थानों पर पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए जाएंगे। डीएम ने चेतावनी दी कि यदि 258 आउटसोर्सिंग कर्मचारी तैनात होने के बाद भी शहर साफ नहीं दिख रहा, तो संबंधितों का वेतन रोक दिया जाएगा।

15 दिन का अल्टीमेटम

बैठक में ईओ को पिछले तीन महीनों के डीजल खर्च और वाहनों की स्थिति का पूरा ब्योरा पेश करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कूड़ा उठान व्यवस्था को दुरुस्त करने और ड्राइवरों को समय से डंपिंग यार्ड पहुँचने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि 15 दिनों के भीतर पुनः समीक्षा की जाएगी और यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ी कार्रवाई तय है। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन और अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Voice Of News 24