महराजगंज: मार्च क्लोजिंग का ‘महासंग्राम’, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नौतनवा की सड़कें!

महराजगंज

महराजगंज उत्तर प्रदेश सरकार का ‘गड्ढा मुक्त’ अभियान जनपद महाराजगंज के नौतनवा तहसील क्षेत्र में केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहा है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महाराजगंज उत्तर प्रदेश सरकार का ‘गड्ढा मुक्त’ अभियान जनपद महाराजगंज के नौतनवा तहसील क्षेत्र में केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहा है। ताजा मामला अड्डा बाजार से रामनगर टेढ़ी घाट तक जाने वाली सड़क का है, जहाँ विकास के नाम पर भ्रष्टाचार का खुला खेल खेला गया है। मार्च क्लोजिंग के दबाव में सरकारी बजट को आनन-फानन में खपाने के चक्कर में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों ने जनता की सुरक्षा को ताक पर रख दिया है।

3 दिन भी नहीं टिकी मरम्मत

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर बीते 26 मार्च 2026 की शाम को पैच वर्क (गड्ढा भराई) का काम किया गया था। लेकिन गुणवत्ता की ऐसी अनदेखी की गई कि यह मरम्मत तीन दिन भी नहीं टिक सकी। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि इस्तेमाल की गई घटिया सामग्री उखड़ने लगी है और सड़क की स्थिति फिर से बदतर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार और संबंधित विभाग ने मिलीभगत कर केवल ‘खानापूर्ति’ की है ताकि सरकारी धन का बंदरबांट किया जा सके।

मुख्यमंत्री के आदेशों की धज्जियां

जहाँ एक तरफ मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश है कि प्रदेश की सड़कें शत-प्रतिशत गड्ढा मुक्त होनी चाहिए, वहीं नौतनवा में बैठे जिम्मेदार इस अभियान की साख पर पानी फेर रहे हैं। मानक विहीन सामग्री के प्रयोग से बनी यह सड़क भ्रष्टाचार की जीती-जागती मिसाल बन गई है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है ताकि दोषी ठेकेदारों और मौन सहमति देने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जा सके।

 

Voice Of News 24