सिद्धार्थनगर: प्यार में जुनून या पागलपन! प्रेमिका की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र के दुफेड़िया गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक सुसाइड करने की नीयत से मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र के दुफेड़िया गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक सुसाइड करने की नीयत से मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब चार घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, दुफेड़िया निवासी जितेन्द्र का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब डेढ़ महीने पहले दोनों मुंबई चले गए थे, लेकिन परिजनों के बीच हुए समझौते के बाद वे वापस गांव लौट आए। समझौते के तहत युवक को उसके घर भेज दिया गया था, लेकिन वह अपनी प्रेमिका से अलग होना बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। इसी मानसिक तनाव में शनिवार सुबह करीब 5 बजे वह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

खुद पुलिस को दी सूचना

हैरानी की बात यह रही कि टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने खुद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, सीओ इटवा प्रवीण प्रकाश और एसडीएम कुणाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक लगातार अपनी प्रेमिका को वापस बुलाने की जिद पर अड़ा रहा, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

प्रशासन की सूझबूझ से टली अनहोनी

टावर की ऊंचाई और युवक की जिद को देखते हुए अधिकारियों ने बेहद धैर्य से काम लिया। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि युवक से पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News 24