बरसठी

जौनपुर जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार की सुबह एक बेहद अनोखा और फिल्मी घटनाक्रम देखने को मिला, जब अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार की सुबह एक बेहद अनोखा और फिल्मी घटनाक्रम देखने को मिला, जब अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद जब प्रेमी ने टावर की ऊंचाई पर ही युवती की मांग में सिंदूर भरा, तब जाकर वह नीचे उतरने को राजी हुई। इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही।
कथित तौर पर शादी से मुकरने पर उठाया कदम, खुद 112 पर दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, कसेरवा बसेरवा गांव निवासी नेहा गौतम और अभिजीत गौतम के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। नेहा इन दिनों महुआरी जरौटा गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। बताया जाता है कि जब नेहा ने अभिजीत से शादी करने की बात कही, तो वह कथित रूप से इससे पीछे हटने लगा। इसी बात से नाराज होकर रविवार सुबह करीब 6 बजे नेहा शादी की जिद में गांव के पास स्थित एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि टावर पर चढ़ने के बाद युवती ने खुद ही डायल-112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी।
ऊंचाई देख घबराया प्रेमी, मान-मनौव्वल के बाद टावर पर हुई शादी
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिस और दमकल कर्मियों ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और प्रेमी को मौके पर बुलाकर उसी के हाथों शादी करने की मांग करने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम प्रेमी अभिजीत को तलाश कर मौके पर ले आई। पहले अभिजीत ने नीचे से और फिर कुछ ऊंचाई तक टावर पर चढ़कर नेहा को समझाने की कोशिश की, लेकिन अधिक ऊंचाई देखकर वह घबरा गया। काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद हिम्मत जुटाकर अभिजीत दोबारा ऊपर चढ़ा और नेहा भी थोड़ा नीचे आई। इसके बाद टावर के बीचों-बीच प्रेमी ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म पूरी की।
तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नीचे उतरी युवती
जैसे ही प्रेमी ने मांग भरी, नेहा नीचे उतरने को तैयार हो गई। युवती के सकुशल नीचे उतरते ही वहां मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने तालियां बजाकर इस अनोखी शादी पर अपनी प्रतिक्रिया दी और प्रशासन ने राहत की सांस ली। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रेमी युगल को अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल यह अनोखा प्रेम विवाह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
महराजगंज: निचलौल क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती अपनी प्रेमी से शादी करने की अजीब और खतरनाक जिद को लेकर सीधे मोबाइल टॉवर पर जा चढ़ी! टॉवर की ऊंचाई पर युवती को इस तरह देख मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल https://t.co/BcYAwDsB1U
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 15, 2026


















