बुलंदशहर
बुलंदशहर डीपीबीएस पीजी कॉलेज, अनूपशहर की रसायन विज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. चंद्रावती को महिला उत्थान और शिक्षा के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

बुलंदशहर डीपीबीएस पीजी कॉलेज, अनूपशहर की रसायन विज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. चंद्रावती को महिला उत्थान और शिक्षा के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। शनिवार को महाविद्यालय के सांख्यिकी विभाग में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के मंडल अध्यक्ष (मेरठ) ज्ञानेंद्र सिंह राघव और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर प्रज्ञा गौड़ ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने डॉ. चंद्रावती के शैक्षणिक समर्पण और समाज के प्रति उनकी सेवा की सराहना की। डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर प्रज्ञा गौड़ ने कहा कि डॉ. चंद्रावती ने न केवल रसायन विज्ञान के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है, बल्कि बालिकाओं और महिलाओं को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विशेष रूप से उनकी सुपुत्री के प्रशासनिक अधिकारी के पद पर चयनित होने को महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत उदाहरण बताया गया।
मंडल अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने समाज के अन्य सक्षम लोगों से आह्वान किया कि वे भी महिलाओं को बराबरी का अधिकार दिलाने और उनके हक के लिए आगे आएं। इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. पी.के. त्यागी और प्रोफेसर सीमांत दुबे ने अतिथियों को महाविद्यालय की पत्रिका भेंट कर उनका आभार जताया। डॉ. चंद्रावती ने सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए संकल्प लिया कि वे समाज सेवा के इन कार्यों को अनवरत जारी रखेंगी।
इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी प्रोफेसर डॉ. पी.के. त्यागी, प्रोफेसर सीमांत दुबे, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. लक्ष्मण सिंह और ग्राम प्रधान राय सिंह सहित कई गणमान्य लोग बने।
वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 स्पेशल एपिसोड : आपके जीवन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों का सटीक विश्लेषण। पंडित अजय कुमार पाण्डेय के साथ जानें कैसा रहेगा आज का दिन? pic.twitter.com/GvrGV2m8Lw
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 27, 2026






















