बुलंदशहर: रामघाट में पसरा सन्नाटा; पिता की सड़क हादसे में मौत के सदमे में बेटी ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठीं दो अर्थियाँ

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के डिबाई क्षेत्र के ग्राम रामघाट में रविवार की रात एक ऐसा वज्रपात हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बुलंदशहर जनपद के डिबाई क्षेत्र के ग्राम रामघाट में रविवार की रात एक ऐसा वज्रपात हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक सड़क दुर्घटना में पिता की असमय मृत्यु के गम में 17 वर्षीय बेटी को ऐसा गहरा सदमा लगा कि हार्ट अटैक से उसकी भी जान चली गई। एक ही परिवार में चंद घंटों के भीतर हुई इन दो मौतों से गांव में मातम पसरा हुआ है।

सांड से टकराकर सुरक्षाकर्मी पिता की मौत

जानकारी के अनुसार, रामघाट निवासी लक्ष्मी नारायण रावल, जो डिबाई के मथुरिया इंटर कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड थे, रविवार रात अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। नरौरा टोल प्लाजा के पास अचानक उनकी बाइक के सामने एक सांड आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लक्ष्मी नारायण सिर के बल सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोग उन्हें तुरंत नरौरा सीएचसी ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटी नहीं सह पाई पिता के बिछड़ने का गम

जैसे ही घर पर लक्ष्मी नारायण की मौत की खबर पहुँची, कोहराम मच गया। पिता की मौत की खबर सुनते ही उनकी 17 वर्षीय पुत्री ममता सुध-बुध खो बैठी और बेहोश हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की। उपचार के दौरान देर रात करीब 12 बजे ममता ने भी अंतिम सांस ली।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक ममता की मां कृष्णा देवी ने बिलखते हुए बताया कि उनके छह बच्चों में ममता चौथे नंबर पर थी। सोमवार को जब पिता और पुत्री की चिता एक साथ जली, तो मौजूद हर शख्स की आँखें नम हो गईं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

Voice Of News 24