बुलंदशहर: मौसम के मिजाज ने फिर बदली करवट,सोमवार सुबह हुई बूंदाबांदी से बढ़ी ठंडक, किसानों की बढ़ी चिंता

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद में पिछले एक सप्ताह से मौसम का अनिश्चित दौर जारी है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में पिछले एक सप्ताह से मौसम का अनिश्चित दौर जारी है। कभी चटक धूप तो कभी अचानक बारिश के इस उतार-चढ़ाव ने जनजीवन को प्रभावित करने के साथ-साथ क्षेत्र के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। सोमवार सुबह एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काली घटाओं के बीच हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई।

दो दिन की राहत के बाद फिर गिरा पारा

पिछले दो दिनों से आसमान साफ रहने और हल्की धूप निकलने के कारण लोगों को ठंड से राहत मिली थी, लेकिन सोमवार सुबह हुई इस हल्की बारिश ने एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज कराई है। ठंडी हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से वातावरण में कनकनी बढ़ गई है, जिससे लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।

मौसम के इस बदलते रुख ने सबसे अधिक किसानों को परेशान कर दिया है। वर्तमान में रबी की फसलें विशेषकर गेहूं और सरसों पकने की कगार पर हैं। ऐसे समय में बेमौसम बारिश और तेज हवाएं फसलों को भारी नुकसान पहुँचा सकती हैं। किसानों का कहना है कि यदि बारिश तेज हुई या ओलावृष्टि जैसे हालात बने, तो तैयार खड़ी फसल बर्बाद हो सकती है, जिससे उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फिर जाएगा।बूंदाबांदी के कारण सुबह-शाम की ठंडक अभी और सताएगी। स्थानीय प्रशासन ने भी किसानों को मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार ही फसलों की कटाई और भंडारण के उचित प्रबंध करने की सलाह दी है।

Voice Of News 24