महराजगंज: पेड़ से लटका मिला 16 वर्षीय किशोर का शव, इलाके में सनसनी,जांच में जुटी पुलिस

महराजगंज

महराजगंज जनपद के सिंदूरिया थाना क्षेत्र स्थित झंझनपुर चौराहे के पास शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सिंदूरिया थाना क्षेत्र स्थित झंझनपुर चौराहे के पास शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुख्य मार्ग के किनारे एक पेड़ से 16 वर्षीय किशोर का शव लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान राज शर्मा के रूप में हुई है। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने जब शव देखा, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही सिंदूरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव के पास से मृतक का मोबाइल फोन और सफेद रंग की चप्पल बरामद की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राज ने लाल टी-शर्ट और काली जींस पहनी हुई थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

 

 

Voice Of News 24