महराजगंज
महराजगंज जनपद के निचलौल ब्लॉक अंतर्गत भेड़िया ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर भारी वित्तीय अनियमितता का मामला प्रकाश में आया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के निचलौल ब्लॉक अंतर्गत भेड़िया ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर भारी वित्तीय अनियमितता का मामला प्रकाश में आया है। मनरेगा पार्क के समतलीकरण और पंचायत भवन में मिट्टी भराई के नाम पर कुल 7,15,371 रुपये के गबन की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को नोटिस जारी किया गया है।
जांच में खुली भ्रष्टाचार की परतें
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के आदेश पर उपायुक्त मनरेगा गौरवेंद्र सिंह और सहायक अभियंता मन्नू चौधरी की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। जांच रिपोर्ट के अनुसार
मनरेगा मद: बिना टेंडर प्रक्रिया के ट्रैक्टर-ट्राली स्वामियों के निजी खातों में 1.34 लाख रुपये भेज दिए गए। साइन बोर्ड न लगाने और कार्य से अधिक भुगतान के कारण कुल 2,71,436 रुपये की गड़बड़ी मिली।
राज्यवित्त मद: पंचायत भवन में मिट्टी भराई के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर तीन ट्रैक्टर स्वामियों को सीधा भुगतान किया गया, जिससे 4,43,935 रुपये का दुरुपयोग पाया गया।
बीडीओ की भूमिका पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि जिस मनरेगा पार्क में यह घोटाला हुआ, उसका निर्माण स्वयं बीडीओ निचलौल की सीधी निगरानी में हो रहा था। अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद फर्जी तरीके से भुगतान और बिना कार्य कराए पैसे निकालने के तथ्य सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
होगी कठोर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो प्रधान और सचिव के विरुद्ध वसूली सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घोटाले ने विकास कार्यों में लगी जिम्मेदार कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
अनूपशहर: डंपर की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, परिजनों का हंगामा@bulandshahrpol https://t.co/vKZaT2ubHT
— Voice of News 24 (@VOfnews24) February 12, 2026





















