महराजगंज: टेंपो और बाइक की भीषण भिड़ंत, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल

महराजगंज

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्रामसभा राजाबारी के टोला रमजीत के पास एक टेंपो और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान जगलाल यादव (पुत्र छेदी), निवासी ग्राम टिकर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टेंपो ठूठीबारी से बरगदवा की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार नौतनवा से ठूठीबारी की तरफ आ रहा था। रमजीत टोला के पास दोनों वाहनों की गति तेज होने के कारण वे अनियंत्रित हो गए और उनके बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं।

पुलिस और ग्रामीणों ने पहुँचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निचलौल भिजवाया, जहाँ उसका उपचार जारी है।

पुलिस की कार्रवाई

थानाध्यक्ष नवनीत नागर ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर यातायात सामान्य कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।

 

Voice Of News24