ककोड़: बेखौफ दबंग ने तीसरी बार की सरेआम फायरिंग, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के ककोड़ क्षेत्र के ग्राम नगला केशरी (झाझर) में एक दबंग युवक द्वारा सरेआम फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के ककोड़ क्षेत्र के ग्राम नगला केशरी (झाझर) में एक दबंग युवक द्वारा सरेआम फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी सनी पुत्र भभूती सिंह ने अपने चार अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पीड़ित हरीश चौधरी के घर के बाहर हवाई फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित हरीश चौधरी ने बताया कि रविवार की रात जब वह ड्यूटी से लौटकर सो रहा था, तभी आरोपी ने उसके घर के बाहर पहुंचकर उसकी माताजी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर जब हरीश बाहर आया, तो घात लगाए बैठे सनी ने फायरिंग कर दी। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी अपनी गाड़ी से भाग निकला।

तीसरी बार की फायरिंग, पुलिस की भूमिका पर सवाल

ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सनी की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले वह झाझर शराब ठेके और अपने पड़ोसियों पर भी जानलेवा फायरिंग कर चुका है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर आरोपी के पास अवैध पिस्टल कहाँ से आती है और पुलिस हर बार हथियार बरामद करने में क्यों नाकाम रहती है?

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना पर 112 नंबर की टीम और झाझर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पम्मी चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी सनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

Voice Of News24