महराजगंज: पुलिया के पास मिला युवक का शव,गृहक्लेश के बाद मौत से पसरा मातम

महराजगंज

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धनहा नायक रामू टोला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मंगलवार सुबह एक पुलिया के पास 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धनहा नायक रामू टोला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मंगलवार सुबह एक पुलिया के पास 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान हरिनारायन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कुशीनगर का रहने वाला था लेकिन अपनी ससुराल में रह रहा था।

मृतक हरिनारायन (30), पुत्र रामवृक्ष, कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र का निवासी था। परिजनों के मुताबिक, वह अपनी पत्नी किरन और दो बच्चों के साथ ससुराल में ही बस गया था। हालांकि, हरिनारायन को शराब पीने की गंभीर लत थी, जिसकी वजह से घर में अक्सर कलह होती रहती थी।

बताया जा रहा है कि बीते सोमवार को भी नशे की हालत में पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला पुलिस तक पहुंचा और डायल 112 को सूचना दी गई। इस विवाद के बाद से ही वह लापता बताया जा रहा था।

मंगलवार की सुबह जब राहगीर धनहा नायक रामू टोला स्थित पुलिया से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर जमीन पर गिरे हरिनारायन पर पड़ी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची श्यामदेउरवा पुलिस ने जांच की तो युवक मृत पाया गया। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

हरिनारायन की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे दो बेटे, 12 वर्षीय निलेश और एक 8 वर्षीय छोटा बेटा छोड़ गया है। मृतक दो भाइयों में छोटा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।

 

Voice Of News 24