गाजीपुर में जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: एक ही परिवार के 17 लोग लहूलुहान, दबंगों ने घर में घुसकर बरसाए फरसे और लाठियां

गाजीपुर

गाजीपुर जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र के पाकड़पुर गांव में बुधवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर रोंगटे खड़े कर देने वाली हिंसा हुई। दबंगों ने एक पड़ोसी परिवार पर सुनियोजित तरीके से हमला कर दियापूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


गाजीपुर जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र के पाकड़पुर गांव में बुधवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर रोंगटे खड़े कर देने वाली हिंसा हुई। दबंगों ने एक पड़ोसी परिवार पर सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया, जिसमें महिलाएं, बच्चे और छात्र समेत एक ही परिवार के 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

कोर्ट का स्टे होने के बावजूद हमला
पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवादित जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वहां यथास्थिति (स्टे ऑर्डर) का आदेश प्रभावी है। इसके बावजूद, विपक्षी पक्ष जबरन कब्जे की फिराक में था। विरोध करने पर दर्जनों लोग अवैध असलहे, फरसा, रम्मा, दाव और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस गए और तांडव मचाना शुरू कर दिया।

महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा
इमरजेंसी वार्ड में भर्ती आरती यादव ने बताया कि हमलावर सीधे घर में घुसे और सिर पर वार करना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं और लड़कियों के साथ अभद्रता की, जिससे बचने के लिए उन्हें कमरों में खुद को बंद करना पड़ा। घायलों में शामिल छात्र अभिषेक यादव ने बताया कि उनकी जान लेने की नीयत से यह हमला किया गया था।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
हादसे का सबसे दुखद पहलू पुलिस की कथित लापरवाही है। घायलों का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले ही कोतवाली में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की गई थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर ने सुनवाई करने के बजाय कथित तौर पर अपशब्द कहे। पीड़ितों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो आज 17 लोग अस्पताल में न होते।

पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, पुलिस की लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा सकती है।

 

Voice Of News24