बलरामपुर: बलरामपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत,घर के बरामदे में लटकता मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद के हर्रैया सतघरवा थाना क्षेत्र के पूरनपुर ग्राम पंचायत के ठाकुरपुरवा मजरे में बुधवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव उसके घर के सामने टीन शेड वाले बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में बांस-बल्ली से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

बलरामपुर जनपद के हर्रैया सतघरवा थाना क्षेत्र के पूरनपुर ग्राम पंचायत के ठाकुरपुरवा मजरे में बुधवार सुबह एक 35 वर्षीय युवक का शव उसके घर के सामने टीन शेड वाले बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में बांस-बल्ली से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

देर रात बिस्तर से गायब हुआ पति

मृतक की पहचान विजय कुमार (35) के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी उषा देवी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब दस बजे विजय कुमार खाना खाने के बाद बिस्तर पर लेट गए थे। उषा देवी जब अपने बच्चों, 10 वर्षीय अजय कुमार और 8 वर्षीय रोशनी, को खाना खिला रही थीं, तब विजय बिस्तर पर थे। बच्चों को खाना खिलाने के बाद जब उन्होंने कमरे में देखा तो विजय वहां नहीं थे।

बाहर निकलने पर उषा देवी ने देखा कि विजय कुमार घर के सामने बरामदे में एक प्लास्टिक की कुर्सी पर चढ़कर फांसी के फंदे से लटके हुए थे।

चीख-पुकार सुनकर जमा हुए पड़ोसी

पति को फंदे से लटका देख उषा देवी चीखने-चिल्लाने लगीं, जिससे पड़ोसी तुरंत मौके पर जमा हो गए। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने हर्रैया सतघरवा पुलिस को घटना की सूचना दी।

शराब की लत से परेशान था मृतक

सूचना पाकर हर्रैया सतघरवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, छानबीन की और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने उषा देवी की तहरीर पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

उषा देवी ने पुलिस को बताया कि विजय कुमार लंबे समय से अपनी जमीन-जायदाद बेचकर शराब पीते थे। वह नशे के आदी थे और अक्सर बच्चों के साथ मारपीट भी करते थे।

इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

 

Voice Of News 24