Voice of news 24
15Jan2023 22:26PM
आज तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का तीसरा वनडे खेला गया। भारत ने यह मैच 317 रन से अपने नाम किया। साथ ही सीरीज भी 3-0 से अपने नाम की। टीम इंडिया ने पहला वनडे 67 रन और दूसरा वनडे चार विकेट से जीता था।

भारत ने श्रीलंका को 317 रन से हराया
भारत ने तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में श्रीलंका को 317 रन से हरा दिया। यह वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था। उन्होंने 2008 में आयरलैंड को 290 रन से हराया था। वहीं, भारतीय टीम का पिछला रिकॉर्ड 257 रन से जीत का था, जो उन्होंने 2007 में बरमूडा के खिलाफ हासिल की थी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 390 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने 116 रन और विराट कोहली ने 166 रन की नाबाद पारी खेली थी। जवाब में श्रीलंका की टीम ने 22 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 73 रन बनाए। अशेन बंडारा चोटिल होने की वजह से मैदान पर नहीं आ सके। इस तरह टीम इंडिया ने 317 रन से जीत दर्ज की। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके और एक खिलाड़ी को रन आउट किया। मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले।
भारत ने श्रीलंका का 3-0 से क्लीन स्वीप भी कर दिया। चौथी बार टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में श्रीलंका का क्लीन स्वीप किया है। भारत ने पहला वनडे 67 रन और दूसरा वनडे चार विकेट से जीता था।























