एक चिंगारी ने उजाड़ा गरीब का आशियाना, खुले आसमान के नीचे आया रामप्रसाद का परिवार

महराजगंज

महराजगंज कभी जिस झोपड़ी में रामप्रसाद यादव का परिवार हंसता-खेलता था और दो वक्त की रोटी के सहारे जिंदगी गुजार रहा था, आज उसी आशियाने की जगह सिर्फ राख और बर्बादी का मंजर बाकी है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज कभी जिस झोपड़ी में रामप्रसाद यादव का परिवार हंसता-खेलता था और दो वक्त की रोटी के सहारे जिंदगी गुजार रहा था, आज उसी आशियाने की जगह सिर्फ राख और बर्बादी का मंजर बाकी है। एकाएक लगी आग ने गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। अब परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर सिर छिपाने के लिए छत कहां मिलेगी और बच्चों के साथ रात कैसे कटेगी?

जनपद महराजगंज के निचलौल तहसील, ब्लॉक एवं थाना क्षेत्र के ग्राम सभा शितलापुर खेसरहा के बाग टोला में गरीब रामप्रसाद यादव की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खर-पतवार से बनी पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते वर्षों की मेहनत से जुटाई गई पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।

इस अग्निकांड में घर में रखे बर्तन, कपड़े, बिस्तर, खाद्य सामग्री समेत रोजमर्रा की जरूरत का सारा सामान नष्ट हो गया। जिस झोपड़ी को परिवार अपना सुरक्षित आशियाना समझता था, आज वहां सिर्फ जली हुई राख और उजड़े सपने दिखाई दे रहे हैं।

अब कहां जाएंगे, कैसे करेंगे गुजारा

पीड़ित रामप्रसाद यादव की आंखों में बेबसी और दर्द साफ झलक रहा है। उन्होंने भावुक होकर बताया कि उनका कोई दूसरा घर नहीं है। परिवार के पास रहने के लिए अब कोई ठिकाना नहीं बचा है। यहां तक कि सिर ढकने के लिए त्रिपाल तक की व्यवस्था नहीं है।

इस हादसे ने परिवार को आर्थिक संकट के साथ-साथ गहरे मानसिक दर्द में भी डाल दिया है। सबसे बड़ी चिंता बच्चों और परिवार के सदस्यों को लेकर है। जब सिर पर छत ही न हो तो खुले आसमान के नीचे जिंदगी गुजारना कितना मुश्किल होगा, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

अब प्रशासन और लोगों से है मदद की उम्मीद

इस दुखद घटना के बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महराजगंज, तहसील प्रशासन निचलौल और जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार की तत्काल मदद करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार को बिना देरी किए त्रिपाल, राशन, कपड़े और जरूरी घरेलू सामान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पात्रता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की पहल की जाए।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस गरीब परिवार की सुध कौन लेगा? क्या जिला प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाएगा?

एक आग ने रामप्रसाद यादव से उनका आशियाना ही नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत से संजोई पूरी गृहस्थी छीन ली। अब जरूरत सिर्फ आश्वासन की नहीं, बल्कि तत्काल मदद और मानवीय संवेदना के साथ ठोस कार्रवाई की है।

उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इस बेबस परिवार की पुकार सुनेंगे और उन्हें दोबारा सम्मान के साथ जीवन शुरू करने का सहारा देंगे।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.