बुलंदशहर

बुलंदशहर जेपी विद्या मंदिर मुख्य परिसर अनूपशहर में अंतर सदन खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जेपी विद्या मंदिर मुख्य परिसर अनूपशहर में अंतर सदन खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत 34 से अधिक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद कावेरी सदन ने कुल 224 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं गंगा सदन दूसरे और यमुना सदन तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के बीच शानदार मुकाबले देखने को मिले।
बेस्ट एथलीट का खिताब हासिल करने वाले खिलाड़ी
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट एथलीट के खिताब से सम्मानित किया गया। सीनियर बालक वर्ग में गंगा सदन के अमित यादव पुत्र सुल्तान सिंह ने बेस्ट एथलीट का खिताब हासिल किया, जबकि सीनियर बालिका वर्ग में कावेरी सदन की परिधि लोधी सर्वश्रेष्ठ एथलीट रहीं।
मिडिल बालक वर्ग में सतलुज सदन के अमित यादव पुत्र पान सिंह ने बाजी मारी। वहीं मिडिल बालिका वर्ग में यमुना सदन की अंशिका राणा ने बेस्ट एथलीट का स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में यमुना सदन के अमित यादव पुत्र देवराज यादव ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब हासिल किया। जूनियर बालिका वर्ग में गंगा सदन की अवनि दुबे और कृतिका ने बेस्ट एथलीट का स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि बालक वर्ग की सीनियर, मिडिल और जूनियर तीनों श्रेणियों में अमित यादव नाम के विद्यार्थियों ने बेस्ट एथलीट का खिताब हासिल किया। इस अनूठे संयोग ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
नन्हे विद्यार्थियों ने भी खेलों में दिखाया उत्साह
कक्षा प्री-नर्सरी से कक्षा दो तक के नन्हे विद्यार्थियों के लिए फन स्पोर्ट्स के अंतर्गत 16 विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में छोटे बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फन स्पोर्ट्स का सफल आयोजन ज्योति गुप्ता एवं उनकी टीम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रधानाचार्या ने विजेताओं का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या नीना चतुर्वेदी ने की। उन्होंने अंतर सदन चैंपियनशिप के सभी विजेताओं, उनके समर्पित प्रशिक्षकों और हाउस मास्टर्स को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके असाधारण खेल कौशल, टीम वर्क और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। खेल प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त करने के लिए अथक परिश्रम, दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयास की आवश्यकता होती है। विद्यार्थियों की जीत उनके कठिन परिश्रम, समर्पण और खेलों के प्रति जुनून का प्रमाण है। यह उपलब्धि न केवल संबंधित सदन को गौरवान्वित करती है, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

विद्यालय प्रबंधक प्रखर गर्ग ने प्रशिक्षकों और हाउस मास्टर्स के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को खेल के मैदान के अंदर और बाहर बेहतर व्यक्तित्व के रूप में विकसित करने में प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
शिक्षकों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन प्रतीक राजौरा, अंकित कुमार सुराण एवं अनुराग शर्मा ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम समन्वयक की जिम्मेदारी नीलम सिंह ने निभाई, जबकि मंच संचालन सोमा गांगुली ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी गणमान्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
प्रतियोगिता के समापन पर विद्यार्थियों के उत्साह, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।


















