घघसरा बाज़ार

गोरखपुर जनपद में लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत घघसरा बाज़ार में प्रशासनिक और सामाजिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

गोरखपुर जनपद में लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत घघसरा बाज़ार में प्रशासनिक और सामाजिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महापर्व के मद्देनजर नगर के प्रमुख पोखरों एवं मंदिर परिसरों में स्थित छठ घाटों को भव्य और आकर्षक रूप दिया गया है। सभी घाटों पर विशेष साफ-सफाई, पोखरों के जल की स्वच्छता, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) और पूजा के लिए बनाई गई पिंडियों की रंगाई-पुताई का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।
अध्यक्ष और ईओ की देखरेख में घाटों पर किए गए व्यापक इंतजाम
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे एवं अधिशासी अधिकारी की सीधी देखरेख में सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। प्रशासन द्वारा विशेष रूप से व्रती महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और पर्याप्त रोशनी के इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, खरीदारी के लिए उमड़े श्रद्धालु
छठ महापर्व को लेकर घघसरा के मुख्य बाजार में जबरदस्त उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है। कस्बे के मेन रोड पर छठ पूजा से जुड़ी सामग्री की करीब 50 अस्थायी दुकानें सज गई हैं। शनिवार को सुबह से ही बाजारों में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। बांस के सूप, दउरा, मौसमी फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी जोरों पर रही, जिससे पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न होगा अनुष्ठान
छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि कठोर अनुशासन, लोक परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अनूठा प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाएं कठिन निर्जला व्रत रखकर छठी मैया एवं सूर्य देव की उपासना करती हैं। परंपरा के अनुसार, पर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को सायंकालीन अर्घ्य तथा चौथे दिन उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था का यह महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न होगा।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले https://t.co/eK7E1tibbE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 14, 2026



















