पीलीभीत

पीलीभीत जनपद के अमरिया थाना क्षेत्र में रामलीला कमेटी के चंदे के हिसाब-किताब को लेकर हुए खूनी विवाद में दो सगे कारोबारी भाइयों और एक निर्दोष राहगीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट

पीलीभीत जनपद के अमरिया थाना क्षेत्र में रामलीला कमेटी के चंदे के हिसाब-किताब को लेकर हुए खूनी विवाद में दो सगे कारोबारी भाइयों और एक निर्दोष राहगीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज बरेली के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 8 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
चंदे के हिसाब को लेकर भड़का पुराना विवाद
जानकारी के अनुसार, अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी को लेकर कौशल गुप्ता और चंद्र प्रकाश गुप्ता पक्ष के बीच काफी समय से खींचतान चल रही थी। कमेटी के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश के बेटे सूरज गुप्ता हैं, जबकि दूसरे पक्ष का कौशल गुप्ता कमेटी का सदस्य है। 9 अक्टूबर को हुई बैठक में कौशल गुप्ता ने पिछले चार वर्षों के चंदे का हिसाब मांगा था, जिस पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई थी। सोमवार शाम करीब 6 बजे एक कार्यक्रम में फिर दोनों पक्षों का आमना-सामना हुआ।
लाठी-डंडों से हमला और अंधाधुंध फायरिंग
सोमवार रात करीब 9:30 बजे चंद्र प्रकाश के भाई नरेश गुप्ता के दो कारोबारी बेटे अंकित गुप्ता (30) और मोहित गुप्ता (38) अपने साथियों के साथ कौशल गुप्ता के घर पहुंचे। वहां कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित और चाचा संतोष ने लाठी-डंडों से हमला करने के बाद लाइसेंसी राइफल व तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
तीन की मौत, एक की हालत नाजुक
गोलीबारी में अंकित गुप्ता, मोहित गुप्ता, उनके रिश्तेदार रोज गुप्ता (20) और रास्ते से गुजर रहा राहगीर कुणाल श्रीवास्तव (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकित गुप्ता और राहगीर कुणाल श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में बरेली रेफर किए गए मोहित गुप्ता ने इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे दम तोड़ दिया। घायल रोज गुप्ता का बरेली में उपचार चल रहा है।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
वारदात में जान गंवाने वाले अंकित हार्डवेयर और मोहित सर्राफा कारोबारी थे, जबकि मृतक राहगीर कुणाल एक बुक डिपो में काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित, चाचा संतोष और चचेरे भाई रचित समेत 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है।
UP बोर्ड 2027 की तारीखों का ऐलान: 5 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं, 24 फरवरी तक चलेगा महाकुंभ https://t.co/uA5EIPa16b
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 12, 2026













