मऊ

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के काछी कला गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से लटका हुआ मिला। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के काछी कला गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पति करता है ऑस्ट्रेलिया में नौकरी
मृतका की पहचान पूजा चौहान के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2023 में उमेश चौहान के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, मृतका का पति उमेश वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में रहकर नौकरी करता है। विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग तुरंत काछी कला गांव पहुंचे।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के पिता धीरज चौहान ने कोपागंज थाने में तहरीर देकर दामाद उमेश चौहान समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पिता का आरोप है कि शादी के दौरान उन्होंने जेवरात, 10 लाख रुपये नकद और बुलेट बाइक दी थी, इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में कार की मांग को लेकर पूजा को लगातार प्रताड़ित करते थे।
घटना से एक दिन पहले दी थी धमकी की जानकारी
पिता धीरज चौहान ने पुलिस को बताया कि घटना से ठीक एक दिन पहले यानी 5 अक्टूबर की रात पूजा ने फोन पर उन्हें अपनी जान को खतरा होने और धमकी मिलने की बात कही थी। इसके अगले ही दिन सुबह उसकी संदिग्ध हालात में मौत की मनहूस खबर मिली।
थानाध्यक्ष राकेश रोहन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने और मामले की गहनता से जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर: जिलाधिकारी श्री कुमार हर्ष ने गुलावठी में 10 एमएलडी एसटीपी निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता पर जोर
https://t.co/Fj3xhV3KcH
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 6, 2026













